अज्ञात कारणों से युवक ने फांसी के फंदे पर लटक कर दी जान

मुलताई। तहसील क्षेत्र के ग्राम दुनावा में साप्ताहिक बाजार स्थल पर दुकान लगाने वाले एक युवक ने बाजार के समीप के पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। दुनावा निवासी प्रकाश सूर्यवंशी ने बताया कि नितेश पिता रामाधार प्रजापति ने सुबह 11 बजे विश्रामगृह के सामने स्थित इमली के पेड़ पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। आसपास के रहवासियों तथा अन्य ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जहां डायल 100 ने मौके पर पहुंचकर युवक को फंदे से उतारा और मुलताई अस्पताल लाया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गुरुवार विश्रामगृह के पीछे ही सब्जी बाजार लगता है, नितेश प्रजापति भी वही सब्जी बाजार के कोने में झाडू और मिट्टी के बर्तनों की दुकान लगाता है। लेकिन गुरुवार को उसने दुकान नहीं लगाया। नितेश प्रजापति का मकान भी सब्जी बाजार के पीछे ही घटनास्थल के लगभग 200 मीटर की दूरी पर है। जहां मौके पर परिजन भी पहुंच गए थे। नितेश ने फांसी क्यों लगाई इसका कारण अज्ञात है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम जांच में लिया है।