ताप्ती समन्वय: सूखी सेवनिया के पिपलिया बाचखा गांव का मामला। बुजुर्ग मरीज लावारिस। हमीदिया अस्पताल में लाकर कराया भर्ती।
108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। सूखी सेवनिया के पास पिपलिया बाचखा गांव में एक बुजुर्ग खेत में गंभीर हालत में पड़ा था। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। यहां पर खेत तक एंबुलेंस पहुंचने का रास्ता नहीं था। एंबुलेंस के चालक देवेन्द्र और इमरजेंसी टेक्नीशियन धर्मेन्द्र धाकड़ ग्रामीणों की मदद से करीब दो किमी तक मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाकर एंबुलेंस तक लेकर आए। इनके प्रयास से मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका। 108 एंबुलेंस का संचालन करने वाली कंपनी जेडएचएल के प्रोजेक्ट हेड जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों ने कीचड़ में भी हार नहीं मानी और मरीज को लेकर आए।
धर्मेन्द्र ने बताया कि खेत में पड़ा व्यक्ति लावारिस था। गांव वालों को जानकारी मिली तो उन्होंने 108 एंबुलेंस को सूचित किया। खेत से एंबुलेंस तक बुजुर्ग को लाने में करीब 20 मिनट लगे। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग को हमीदिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।