गेहूं की कटाई कर रही महिलाओं पर जंगली सुअर ने किया हमला

मुलताई।तहसील क्षेत्र के ग्राम चौथिया में रविवार दोपहर जंगली सूअर ने खेत में गेहूं की कटाई कर रही दो महिलाओं पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि महिलाएं रवि पवार के खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं।
हमले में पुष्पा धुर्वे (40 वर्ष) का पैर टूट गया। उनकी कमर पर भी गंभीर चोटें आईं। दूसरी महिला संजू पाटेकर (45 वर्ष) भी घायल हो गईं। दोनों महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
घायल महिलाओं को 108 एंबुलेंस से मुलताई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। घायल संजू पाटेकर ने बताया वह जब गेहूं की कटाई कर रही थी, तभी जंगली सूअर अचानक आ गया और उसने पुष्पा के ऊपर हमला कर दिया।
जब संजू ने उसे बचाने का प्रयास किया तो जंगली सूअर ने उस पर भी हमला कर दिया। जिससे पुष्पा बाई को एक पैर में चोट आई और पैर टूट गया। वहीं संजू बाई भी बुरी तरह घायल हो गई। इसके बाद उन्होंने हंगामा मचाया और ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया।