पत्थर से सिर पर वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाटबोरे में भरकर मोटर साईकिल से ले जाकर कड़बे के ढेर में रखकर जलाया था शवपुलिस ने किया खुलासा
मुलताई। पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी के सिर में पत्थर मारकर मौत की नींद सुला दिया। उसके बाद शव को बोरे में भरकर स्वयं की मोटर साईकिल में पीछे रस्सी से बांधकर 3 किमी दूर खेत में रखे मक्के के कडबे के ढेर में आग लगाकर शव को जलाकर फरार हो गया। यह खुलासा मंगलवार को ग्राम उमरी निवासी विवाहिता का खेत में जला हुआ शव मिलने की घटना में हुआ है।
थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने बताया मंगलवार को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम पांढरी में रोड के किनारे खेत में एक अज्ञात महिला का शव जली हुई अवस्था में पडा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर रोड के किनारे किसान नंदलाल इवनाते के खेत में जली हुई अवस्था में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ था। खेत मालिक नंदलाल इवनाते की सूचना पर मर्ग कायम किया गया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का होना पाए जाने के चलते अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1), 238 के तहत केस पंजीबद्व किया गया। अज्ञात मृतिका की शिनाख्तगी के संबंध में आसपास गांव से गुमशुदा के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी। तो पता चला कि ग्राम उमरी निवासी रेखा पति प्रहलाद धुर्वे उम्र 28 साल बीते दो दिन से लापता है। जिसकी तलाश मृतिका के मायके पक्ष द्वारा की जा रही है। सूचना पर मायके पक्ष ने मौके पर आकर मृतिका के शव को देखा। मृतिका के बाये पैर में पहनी हुई पायल एवं मृतिका के हुलिया और अधजले कपड़ों से मृतिका की पहचान रेखा धुर्वे के रूप में की। परिजनों ने बताया 5 जनवरी को शाम 4 बजे के दरमियान रेखा धुर्वे से उसकी बहन की फोन पर बात हुई थी। रेखा ने बताया था कि देवपूजा पर जाने की बात पर से उसका पति प्रहलाद गाली गलौच कर रहा है,और खेत में आने का बोल रहा है। उसके बाद से रेखा धुर्वे का फोन बंद हो गया था। इस स्थिति में प्रहलाद धुर्वे से पूछा कि रेखा कहा है तो उसने बताया कि घर में ही है। मायके पक्ष द्वारा उसके ससुराल में जाकर भी देखा गया परन्तु मृतिका रेखा धुर्वे उसके ससुराल में नही मिली थी। थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने बताया घटना स्थल का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक निश्चल झरिया एसडीओपी मयंक तिवारी और एफएसएल टीम द्वारा किया गया। घटनास्थल पर अधजला शव, कपड़ों के अवशेष, और अन्य सबूत मिले थे। इन परिस्थितियों मे मृतिका रेखा के पति प्रहलाद धुर्वे पिता रतिराम धुर्वे निवासी ग्राम उमरी की खोजबीन की। ग्राम उमरी में नही मिला साथ ही उसका मोबाईल फोन भी बंद था। ग्राम उमरी में जानकारी मिली कि प्रहलाद धुर्वे घटना दिनांक से फरार है। पुलिस टीम द्वारा अपनी हिकमत अमली से ग्राम शेन्दूरजना घाट जिला अमरावती से प्रहलाद धुर्वे को पकड़ा। पूछताछ के दौरान प्रहलाद धुर्वे ने बताया उसने 8 वर्ष पूर्व रेखा धुर्वे से प्रेम विवाह किया था। मृतिका रेखा धुर्वे शादी के करीबन एक माह तक ही उसके साथ में रही। बीते सात वर्ष से मायके में ही रह रही थी। अभी एक माह पूर्व उसकी पत्नी रेखा ग्राम उमरी रहने आयी थी। दोनो पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद होना शुरू हो गया था। 5 जनवरी को प्रहलाद धुर्वे रात में खेत में सिंचाई करने गया था। जहां पत्नी भी खेत पहुंच गयी थी। जहां रात में देव पूजा पर जाने की बात को लेकर दोनो पति-पत्नी के बीच खेत में ही विवाद हुआ। विवाद के दौरान प्रहलाद ने कुएं के पास पड़े पत्थर को उठाकर मृतिका के सिर में मार दिया। गंभीर चोट आने से रेखा की मौके पर ही मौत हो गयी थी। उसके बाद प्रहलाद ने खेत मे ही रखी कथडी से रेखा के शव को लपेटकर बोरे में भरकर स्वयं की मोटर साईकिल में पीछे शव को रस्सी से बांधकर घटना स्थल से करीबन 3 किमी दूर ले जाकर रोड के किनारे मक्के के कडबे के ढेर में शव रखकर आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी प्रहलाद को गिरफ्तार कर लिया है।