पहले दिन 3 केंद्रों पर 4 किसानों ने 125 क्विंटल गेहूं बेचा, 52 केंद्र रहे खाली

बैतूल। बैतूल समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शनिवार से शुरू हुई। पहले दिन 3 केंद्रों पर 4 किसानों ने 125 क्विंटल गेहूं बेचा। शहर के वेयर हाउस में बनाए खरीदी केंद्र पर के अलावा जामठी और आठनेर केंद्र पर किसान पहुंचे। इसके अलावा जिले के 52 केंद्र खाली पड़े रहे। जिले में खरीदी के लिए 55 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर खरीदी की सारी तैयारियां कर ली थी।
पहले दिन के लिए 7 किसानों ने स्लॉट बुक करवाए थे। इनमें से 4 ने गेहूं बेचा। वेयर हाउस में बने केंद्र पर जिला खाद्य अधिकारी केके टेकाम, नागरिक आपूर्ति अधिकारी जीएल लुधियानी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किसान का स्वागत करते हुए गेहूं खरीदी का मुहूर्त किया गया। जिला खाद्य अधिकारी केके टेकाम ने बताया शाम तक 3 केंद्रों में 125 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई। 8 हजार किसानों ने करवाया है पंजीयन जिले में गेहूं बेचने के लिए अब तक केवल 8 हजार किसानों ने ही पंजीयन करवाए हैं।
एक सप्ताह पहले पंजीयन बहुत कम थे, लेकिन मंडी में गेहूं के दाम कम होने के बाद पंजीयन बढ़ गए हैं। हालांकि पिछले साल जिले में 20 हजार किसानों ने पंजीयन करवाया था। इस हिसाब से इस बार 12 हजार कम किसानों ने अब तक पंजीयन करवाए है। इस बार पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च है। अधिकारियों को उम्मीद है कि होली के बाद पंजीयन बढ़ेंगे।