पुलिस परेड मैदान पर हुई बलवा नियंत्रण परेड

बैतूल। पुलिस परेड ग्राउंड बैतूल में पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया की उपस्थिति में जनरल परेड एवं बलवा नियंत्रण परेड का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बैतूल जिले के विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। परेड में बैतूल अनुविभागीय अधिकारी, डीएसपी आजाक, रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी समेत लगभग 120 पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
इस परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को बलवा नियंत्रण की तकनीकों और प्रक्रियाओं से परिचित कराना था। बलवा नियंत्रण परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उग्र भीड़ को नियंत्रित करने और बलवाइयों को तितर-बितर करने की विधियों की सिखाई दी गई। पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने समस्त पुलिस बल को बलवा नियंत्रण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बल की एकजुटता, समन्वय और सही रणनीति के महत्व को स्पष्ट किया।
इसके पश्चात रक्षित निरीक्षक दिनेश मर्सकोले और उप निरीक्षक (आर्म्स) नवीन सोनकर द्वारा समस्त पुलिस बल को अश्रुगैस चलाने की विधि की सिखलाई दी गई। इस प्रशिक्षण में ग्रेनेड टियर स्मोक और गैस गन का उपयोग करते हुए शैल टियर स्मोक चलाए गए। यह प्रशिक्षण पुलिस बल को यह समझाने के लिए था कि बलवा नियंत्रण के दौरान किस प्रकार से इन उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया जाता है। पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने बलवा नियंत्रण के दौरान पुलिस बल की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की। इसके साथ ही, पुलिस बल को उग्र भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहने की आवश्यकता पर बल दिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को बलवा नियंत्रण के विभिन्न तरीकों से अवगत कराना और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में सटीक एवं प्रभावी रूप से काम करने के लिए तैयार करना था।