प्रदेश के विकास और सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है बजट : ऊर्जा मंत्रीऊर्जा विभाग के लिए इस वर्ष 2026-27 में 33 हजार 606 करोड़ रूपये का प्रावधान
जबलपुर, 18 फरवरी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा आज विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट तथा आगमी दो वित्तीय वर्षो क्रमशः वर्ष 2027-28 एवं वर्ष 2028-29 हेतु रोलिंग बजट प्रस्तुत किया गया। बजट प्रदेश के विकास और सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में बनाए गए इस बजट में गरीब, युवाओं, अन्नदाता और नारी सहित सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। ऊर्जा विभाग के लिए इस वर्ष 2026-27 में 33 हजार 606 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इससे बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिये अटल गृह ज्योति योजना के लिए 6033 करोड़ रूपए और अटल कृषि ज्योति योजना के लिए 13914 करोड़ रूपए की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। आरडीएसएस योजना के लिए 1091 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। ट्रांसमिशन एवं वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 700 करोड़ रूपए एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 5 एचपी पंपों के लिए निःशुल्क बिजली देने के लिए 5276 करोड़ रूपए की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
