मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित 180 अभ्यार्थियों को नियुक्ति पत्र किए जारी
जबलपुर, 18 फरवरी। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) द्वारा राज्य की विद्युत उत्पादन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीधी भर्ती प्रक्रिया अंतर्गत चयनित 180 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रस्ताव पत्र जारी कर दिए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति प्रस्ताव कंपनी की वेबसाइट https://www.mppgcl.mp.gov.in के ‘Career’ अनुभाग में अपलोड कर दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य की विद्युत कंपनियों में संचालित सीधी भर्ती के माध्यम से नियमित अंतराल में रिक्त पदों पर कार्मिकों को चयनित किया जा रहा है। इसी क्रम के अंतर्गत पॉवर जनरेटिंग कंपनी द्वारा 7 जुलाई 2025 को 18 विभिन्न पदों (वर्ग-2, वर्ग-3 एवं वर्ग-4) पर रिक्तियों की पूर्ति हेतु भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन 3 से 5 नवंबर 2025 के बीच राज्य के विभिन्न शहरों के परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। तत्पश्चात दस्तावेज सत्यापन एवं निर्धारित पदों हेतु शारीरिक दक्षता परीक्षा के उपरांत अंतिम चयन सूची जारी की गई।
जारी आदेशानुसार चयनित 180 अभ्यर्थियों में सहायक अभियंता (यांत्रिकी) 9, सहायक अभियंता (इलेक्ट्रिकल) 5, सहायक अभियंता (इलेक्ट्रानिक्स) 7, सहायक अभियंता (सिविल) 19, पाली रसायनज्ञ 10, कार्मिक अधिकारी 2, कनिष्ठ अभियंता (संयंत्र – अभियांत्रिकी) 3, कनिष्ठ अभियंता (संयंत्र – इलेक्ट्रिकल) 7, कनिष्ठ अभियंता (संयंत्र – इलेक्ट्रानिक्स) 2, कनिष्ठ अभियंता (सिविल) 18, संयंत्र सहायक (अभियांत्रिकी) 41, संयंत्र सहायक (इलेक्ट्रिकल) 27, कार्यालय सहायक (श्रेणी-3) 13, भंडार सहायक 2, कनिष्ठ शीघ्रलेखक 5, अग्निशामक 3, सुरक्षा सैनिक 5, वार्ड बॉय 2 शामिल हैं। नियुक्ति प्रस्ताव पत्रों में अभ्यर्थियों के लिए पदस्थापना स्थल, रिपोर्टिंग की तिथि, समय-सीमा और आवश्यक दस्तावेजों का विस्तृत विवरण उल्लिखित है, जिन्हें संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है की वे उक्त निर्देशों को भलीभाँति पढ़ कर और दस्तावेज़ों को तैयार कर निर्देशित कार्यस्थल पर समय-सीमा से पूर्व रिपोर्ट करें।
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके परिजन को बधाई व शुभकामना देते हुए कहा कि नवनियुक्त कार्मिक कंपनी की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा अभ्यार्थी ऊर्जा, नवाचार व तकनीकी दक्षता के समन्वय से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होंगे और प्रदेश की विद्युत उत्पादन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे। कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने कहा कि कंपनी द्वारा संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप संपन्न की गई है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा से लेकर दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण तक प्रत्येक चरण का संचालन सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया गया।
नव-नियुक्त कार्मिकों को उनके पदानुसार कंपनी के विभिन्न ताप एवं जल विद्युत गृहों में पदस्थ किया गया है तथा उनके लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी नियोजित किए गए है। इन सीधी भर्ती प्रयासों के माध्यम से कंपनी अपने मानव संसाधन ढांचे को सुदृढ़ करते हुए युवा प्रतिभाओं को अवसर प्रदान कर नवाचार एवं दीर्घकालिक विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
