ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस में आग: नई दिल्ली-चेन्नई ट्रेन के SLR कोच में धुआं, यात्रियों में हड़कंप
ट्रेन संख्या 12616 नई दिल्ली-चेन्नई (तंबरम) ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस में मंगलवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई। सेंट्रल रेलवे के नागपुर डिविजन में सिंधी और तुलजापुर स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन के SLR (गार्ड) कोच से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद एहतियातन ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया।
रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे आग को अन्य डिब्बों तक फैलने से रोका जा सका। शुरुआती तौर पर कोच में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई और स्थानीय फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले के अनुसार, सुबह 11:09 बजे वर्धा के सिंधी स्टेशन की ओर जाते समय ट्रेन के अंतिम गार्ड कोच में धुआं देखा गया। ट्रेन को तुरंत सिंधी-तुलजापुर खंड पर रोका गया और प्रभावित डिब्बे को अलग कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। प्रभावित कोच को हटाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जाएगा।
