भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि अवांछित लोगों को प्रवेश दिया गया है तो हमें क्यों रोका गया।

जावरा से भाजपा विधायक डा. राजेंद्र पांडे के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दोपहर करीब 12:10 बजे बंजली हवाई पट्टी हेलीकाप्टर से पहुंचे। हेलीपेड पर उनके स्वागत के लिए तय सूची के मान से प्रवेश दिया जा रहा था। इसके चलते भाजपा के कई पदाधिकारी हवाई पट्टी के पास बने पंडाल में बैठे रहे।
इस दौरान कई अन्य लोग वाहनों में सीधे हेलीपेड तक पहुंच गए। इससे भाजपा के नगर पदाधिकारी नाराज हो गए और अंदर जाने की मांग करने लगे। सुरक्षा में तैनात निरीक्षक दीपक शैजवार ने उन्हें रोका तो भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कृष्णा सोनी ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि अवांछित लोगों को प्रवेश दिया गया है तो हमें क्यों रोका गया।
यदि प्रवेश नहीं दिया गया तो हम बेरिकेड्स तोड़कर अंदर जाएंगे और सीएम को काले झंडे दिखाएंगे। इसके बाद पदाधिकारी हवाई पट्टी से बाहर सड़क पर पहुंच गए। जिन्हें बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा मनाकर वापस हेलीपेड पर लेकर आए। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, करणधीर्य बड़गोत्या, बलवंत भाटी, अरुण राव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। रतलाम में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दोपहर 1:10 बजे वापस हेलीकाप्टर से वापस रवाना हो गए।
हर खबर की खबर के लिए जुड़े रहे व्हाट्सएप ग्रुप से –
हर खबर की खबर के लिए जुड़े रहे ताप्ती समन्वय फेसबुक पेज से –