अब ऐप से मिनटों में मिलेगा LPG सिलेंडर! Instamart-HPCL ने शुरू की ऑन-डिमांड गैस डिलीवरी सेवा
भारत में एलपीजी सिलेंडर मंगाने का तरीका अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Instamart और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने मिलकर देश की पहली ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस नई सुविधा के तहत ग्राहक अब ग्रॉसरी की तरह सीधे ऐप के जरिए गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की गई है। शुरुआती चरण में ग्राहकों को 5 किलो और 10 किलो के छोटे एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार देश के अन्य शहरों में भी किया जा सकता है।
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि सिलेंडर ऑर्डर करने के लिए पहले से LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। इससे ऐसे उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें तुरंत गैस सिलेंडर की जरूरत होती है।
भारत में पहली बार किसी क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए एलपीजी जैसी आवश्यक सेवा को ऑन-डिमांड उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे शहरी उपभोक्ताओं को तेज, आसान और सुविधाजनक डिलीवरी का लाभ मिलेगा। साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया भी पहले के मुकाबले अधिक डिजिटल और सरल हो जाएगी।
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी उपभोक्ता है, जहां इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियां गैस की आपूर्ति करती हैं। ऐसे में Instamart और HPCL की यह साझेदारी देश में एलपीजी डिलीवरी सिस्टम को नई दिशा देने वाली पहल मानी जा रही है।
#LPG #GasCylinder #Instamart #HPCL #QuickCommerce #LPGDelivery #taptisamanvya
