बैतूल रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से फिसले युवक की RPF जवान ने बचाई जान

0
Post (3)

बैतूल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना हो रही यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक युवक अचानक फिसल गया और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच जाने लगा। मौके पर तैनात आरपीएफ (RPF) के जवान ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना 18 जुलाई की रात करीब 12:57 बजे की है। ट्रेन नंबर 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस बैतूल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान कुछ यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। तभी एक युवक का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा।

RPF जवान ने दिखाई सूझबूझ

ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ प्रधान आरक्षक कुलवंत की नजर जैसे ही युवक पर पड़ी, उन्होंने बिना समय गंवाए दौड़ लगाई और युवक को मजबूती से पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी जवान की सतर्कता और साहस की सराहना की।

घटना के तुरंत बाद ट्रेन के गार्ड रमेश कुमार ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने युवक से पूछताछ की। युवक ने बताया कि उसे केवल मामूली खरोंच आई है। आरपीएफ ने मेडिकल जांच कराने की सलाह दी, लेकिन युवक ने जांच कराने से इनकार कर दिया।

भोपाल का रहने वाला है युवक

आरपीएफ के अनुसार, युवक की पहचान आकाश जाटव (24) पुत्र देवीराम जाटव, निवासी बगराम बैरागढ़, तहसील हुजूर, जिला भोपाल के रूप में हुई है। वह गोरखपुर जाने के लिए ट्रेन में सवार हो रहा था। सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद आरपीएफ ने उसे दोबारा ट्रेन में बैठाया और इसके बाद यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया।

#Betul #RPF #IndianRailways #RailwaySafety #CCTVViral #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *