जमशेदपुर के साकची-कालीमाटी रोड स्थित सीएनजी स्टेशन पर देर रात हुए हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएनजी भरने के दौरान अचानक रिफ्यूलिंग होज फट गया और तेज दबाव के साथ नोजल अलग होकर कर्मचारी तुषार खामरी के सिर से जा टकराया।
हादसे में 24 वर्षीय तुषार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल टाटा मेन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया। गैस रिसाव के कारण लोगों को बड़े हादसे की आशंका सताने लगी और कई लोग अपने वाहन मौके पर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
सूचना मिलने के बाद गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं GAIL की तकनीकी टीम ने स्टेशन पर पहुंचकर गैस रिसाव को रोकने के लिए कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक हादसे की वास्तविक वजह तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, मृतक के परिवार ने स्टेशन संचालक से उचित मुआवजे की मांग की है। परिजनों के अनुसार तुषार परिवार के लिए कमाने वाले मुख्य सदस्य थे। मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी और जांच जारी है।