शराब की दुकान में घुसा बंदर, बोतल तोड़कर पी शराब और कार्टन पर सो गया
झारखंड के रांची में शराब की दुकान के अंदर बंदर के पहुंचने और शराब पीने का अजीबोगरीब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला ओरमांझी चौक की एक शराब दुकान का बताया जा रहा है। दुकान में अचानक बंदर घुसा तो कर्मचारियों ने उसे भगाने की कोशिश की। उसे बाहर निकालने के लिए बिस्किट भी दिए गए, लेकिन बंदर वहां से जाने के बजाय शराब की बोतल तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि बंदर ने एक बोतल उठाकर उसे तोड़ दिया और उसमें मौजूद शराब पी ली। शराब पीने के कुछ ही देर बाद वह दुकान के अंदर रखे शराब के कार्टन पर लेट गया और वहीं सो गया। इस दौरान दुकान पर ग्राहक आते-जाते रहे, जबकि बंदर आराम से सोता रहा।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग बंदर की इस हरकत पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, बंदर पिछले कुछ दिनों से फेंकी गई बोतलों में बची शराब चाटते हुए भी नजर आ रहा था।
#RanchiNews #JharkhandNews #MonkeyViral #ViralVideo #Ormanjhi #RanchiViral #FunnyNews #taptisamanvya
