बैतूल जिले की प्रमुख खबरें 01/10/26
बैतूल जिले की आज की प्रमुख खबरें
1. भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सह प्रभारी रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने पदाधिकारियों व मोर्चा अध्यक्षों के साथ चर्चा की। बैठक में जिला, मंडल और बूथ स्तर पर नियमित बैठक, प्रवास और कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।
2. खोदरी में 25 वर्षीय युवक की हत्या
बैतूल के झल्लार थाना क्षेत्र के खोदरी गांव में शेखर पाल की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। युवक भगत-भूमका कराने गांव पहुंचा था। उसका शव एक ग्रामीण के घर से मिला। पुलिस ने घर मालिक और उसके भाई को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।
3. PWD कार्यालय में सैकड़ों बंदरों से दहशत
बैतूल के PWD कार्यालय और कॉलोनी में बड़ी संख्या में लाल मुंह वाले बंदरों के पहुंचने से कर्मचारी और रहवासी परेशान हैं। बंदर छतों और सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ लोगों पर झपटने की कोशिश कर रहे हैं। वन विभाग ने मामले में आवश्यक इंतजाम कराने की बात कही है।
4. रायआमला में बच्चों को कानूनी जानकारी
मुलताई के रायआमला शासकीय स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर हुआ। न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, कानूनी अधिकार और कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
5. मुलताई नपा पर ₹11.68 करोड़ की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति
कचरा प्रबंधन से जुड़े मामले में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मुलताई नगर पालिका पर 11.68 करोड़ रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का आकलन किया है। नपा को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। अंतिम राशि का निर्णय एनजीटी की प्रक्रिया के बाद होगा।
6. सोनाघाटी में आधी सड़क बंद, यातायात प्रभावित
बैतूल के सोनाघाटी में रेलवे की थर्ड लाइन के काम के चलते पुराने NH-69 की आधी सड़क बंद कर दी गई है। वाहनों के लिए करीब 12 फीट रास्ता बचा है। लोहे की प्लेट और निर्माण मशीनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और जाम की स्थिति बन रही है।
7. NCC कैडेट्स को महिला सुरक्षा की जानकारी
जयवंती हक्सर शासकीय महाविद्यालय की NCC महिला इकाई ने महिला सुरक्षा और अधिकारों पर विशेष व्याख्यान कराया। अधिवक्ता पूनम राजपूत ने कैडेट्स को POCSO एक्ट, लैंगिक संवेदनशीलता, मानव तस्करी और छेड़छाड़ से जुड़े कानूनी प्रावधान समझाए।
8. बोरदेही स्वास्थ्य शिविर में 311 लोगों की जांच
सेवा से संकल्प अभियान के तहत बोरदेही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। 311 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। वहीं सारणी में आयोजित रक्तदान शिविर में 120 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
9. सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने सेवा सेतु अभियान की तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा की। 3 अक्टूबर को विकासखंड और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
#BetulNews #BetulUpdate #MultaiNews #BetulSamachar #MPNews #LocalNews #BreakingNews #taptisamanvya
