आज की प्रमुख खबरें 13/10/2026
आज की प्रमुख खबरें
1. भोपाल में भाजपा संगठन की बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने मंगलवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोर्चा प्रभारी और मोर्चों के अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के मोर्चों की भूमिका पर चर्चा की गई।
2. नर्मदापुरम में पुलिस रेड के बाद व्यक्ति की मौत
नर्मदापुरम में ईदगाह रेलवे केबिन के पास जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई के बाद नासिर अली की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने का घेराव किया और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
3. भोपाल में मंत्रियों ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और मंत्री राधा सिंह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने जनसमस्याएं और सुझाव सुनकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
4. बैतूल में सड़क हादसे में युवक की मौत
बैतूल के नेशनल हाईवे-47 पर अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से 29 वर्षीय एस. गौतम की मौत हो गई। तमिलनाडु के कोयंबतूर निवासी गौतम दुबई में नौकरी करते थे और बाइक से भोपाल जा रहे थे। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।
5. मुलताई के विद्यार्थियों ने कव्वाली में हासिल किया प्रथम स्थान
नर्मदापुरम में आयोजित संभाग स्तरीय बाल रंग प्रतियोगिता में बैतूल जिले के मुलताई स्थित ईपीईएस हिंदी-उर्दू माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने कव्वाली में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षिका वर्षा खेरे के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
6. मुलताई में विकास कार्यों को लेकर पार्षदों का अल्टीमेटम
मुलताई में निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ताप्ती, पटेल, तिलक और अंबेडकर वार्ड के पार्षदों में नाराजगी है। नगर परिषद की बैठक में पार्षदों ने अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि निर्माण कार्य शुरू नहीं हुए तो वे धरने पर बैठेंगे।
7. बैतूल के आष्टी क्षेत्र में सूखे का संकट
बैतूल जिले के आठनेर ब्लॉक के आष्टी और आसपास के गांवों में कम बारिश के कारण खरीफ की फसलें सूख गई हैं। इससे किसानों के सामने रबी की बुआई का संकट भी खड़ा हो गया है। किसानों ने क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने, फसल सर्वे, मुआवजा और विशेष राहत पैकेज की मांग की है।
8. चिचोली में बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में घुसी
बैतूल जिले के चिचोली क्षेत्र के चुनागोसाई गांव में स्टीयरिंग फेल होने से शारदा पब्लिक स्कूल की बस खेत में जा घुसी। बस में 20 से अधिक बच्चे सवार थे, जिनमें से तीन से चार बच्चों को मामूली चोटें आईं। ग्रामीणों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस की फिटनेस जांच कराई जा रही है।
9. छिंदवाड़ा में आधार सेवाओं को लेकर निर्देश
छिंदवाड़ा में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक में सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पांच और पंद्रह वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर कराने तथा लंबित आधार प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
10. बैतूल की जनसुनवाई में जमीन और रास्तों की शिकायतें
बैतूल में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की जमीन, पेंशन, आवास और रास्ते से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
#BJP #Narmadapuram #Betul #Multai #Chhindwara #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #taptisamanvya
