ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास मौत का तांडव! बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं पर धान से लदा एक बेकाबू ट्रक कहर बनकर टूट पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। छिनोर की ओर से आ रहा ट्रक एक ढलान वाले रास्ते पर अचानक अनियंत्रित हो गया। भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद ट्रक आगे बढ़ा और पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर के मुख्य द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर के प्रवेश द्वार और दीवार को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मी भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।
ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर बैरिकेड और पुलिस चेकपॉइंट स्थापित किए गए थे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारी वाहन प्रतिबंधित मार्ग पर पहुंचा कैसे और पुलिस की व्यवस्था को पार कर मंदिर के पास तक कैसे आ गया?
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक में किसी तकनीकी खराबी की आशंका की जांच के लिए आरटीओ की टीम को भी भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही, वाहन में तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ। हादसे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#GwaliorNews #GwaliorAccident #SheetlaMataTemple #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #RoadAccident #Navratri #taptisamanvya
