कार्तिक पूर्णिमा मेलों के लिए बैतूल प्रशासन की बड़ी तैयारी, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश!
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित मेलों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि बैतूल, भैंसदेही, चिचोली, मुलताई एवं आमला में आयोजित होने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। मेलों में उचित साइनेज, मोबाइल टॉयलेट, निगरानी के लिए कंट्रोल रूम तथा अनाउसमेंट सिस्टम प्रभावी रूप से संचालित रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने निर्देश दिए कि मेलों में अवैध शराब के विक्रय जैसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि मेले में बिकने वाली खाद्य सामग्री पर निगरानी रखें। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुरानी एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री को मेले में खपाने की कोशिश न हो सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री गोपाल सिंह वर्मा सहित सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#KartikPurnima2026 #BetulNews #MultaiNews #CollectorBetul #MelaSecurity #FoodSafety #MadhyaPradeshNews #taptisamanvya
