कुल्लू में बिना बारिश के भीषण भूस्खलन, 200 मीटर सड़क देखते ही देखते गायब
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निरमंड क्षेत्र के बागीपुल के पास सोमवार सुबह अचानक हुए भूस्खलन से बागीपुल-जाओं सड़क पर संकट पैदा हो गया। लैंडस्लाइड इतना बड़ा था कि करीब 200 मीटर सड़क का हिस्सा इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों और वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित हुई।
भूस्खलन की सूचना सुबह करीब 10 बजकर 12 मिनट पर आपदा प्रबंधन को मिली। इसके बाद कुल्लू पुलिस कंट्रोल रूम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई। विभागीय टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने और सड़क से मलबा हटाने की कार्रवाई में जुट गईं।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से मलबा गिरने और सड़क के बड़े हिस्से के प्रभावित होने का दृश्य दिखाई दे रहा है। राहत की बात यह है कि घटना के संबंध में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन का प्रयास मार्ग को सुरक्षित तरीके से जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करना है।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। कुछ जिलों में भारी बारिश भी हुई है, जिसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से प्रभावित मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
#HimachalNews #KulluNews #Nirmand #Landslide #RoadUpdate #WeatherNews #ViralVideo #taptisamanvya
