तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में एक बेटी की शादी का बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण माता-पिता अमेरिका में हो रही अपनी इकलौती बेटी की शादी में शामिल नहीं हो सके। ऐसे में उन्होंने तकनीक का सहारा लिया और घर से लाइव वीडियो के जरिए बेटी की शादी देखी।
जब अमेरिका में बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं और वह मंगलसूत्र पहन रही थी, तब माता-पिता ने टीवी स्क्रीन के सामने ही पारंपरिक रूप से अक्षत यानी हल्दी-चावल अर्पित कर अपनी बेटी को आशीर्वाद दिया। इस भावुक पल को देखकर घर में मौजूद रिश्तेदार और पड़ोसी भी भावुक हो गए।
बेटी ने अमेरिका में अपने जीवनसाथी के साथ विवाह किया, जबकि माता-पिता ने गांव में रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ इस खुशी का जश्न मनाया। स्क्रीन के माध्यम से बेटी की शादी में शामिल होने का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।