चलती मुंबई लोकल में महिलाओं ने रच दिया दही हांडी का अनोखा जश्न
मुंबई की लोकल ट्रेन में जन्माष्टमी का जश्न इस बार कुछ अलग अंदाज में देखने को मिला। बदलापुर से ठाणे जा रही लोकल ट्रेन में महिला यात्रियों ने सफर के दौरान ही दही हांडी उत्सव मनाया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7:56 बजे रवाना हुई ट्रेन के एक डिब्बे में महिलाओं ने ऊपर लगे हैंडल से दही हांडी बांधी और फिर नाच-गाने के साथ उत्सव शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो में महिलाएं उत्साह के साथ मानव पिरामिड बनाती नजर आ रही हैं। एक महिला यात्री नीचे खड़ी रहीं, जबकि दूसरी महिला उनके ऊपर चढ़कर हांडी तक पहुंची और उसे फोड़ दिया। हांडी टूटते ही डिब्बे में मौजूद यात्रियों ने तालियां बजाकर खुशी जताई और पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ यूजर्स ने महिलाओं के उत्साह और अनोखे अंदाज की तारीफ की, तो कुछ ने चलती ट्रेन के अंदर इस तरह का आयोजन करने पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। जन्माष्टमी पर हुआ यह अनोखा जश्न अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
#MumbaiLocal #DahiHandi #Janmashtami #KrishnaJanmashtami #ViralVideo #MumbaiNews #FestiveCelebrations #taptisamanvya
