समस्तीपुर में ट्रेन से शराब की तस्करी का खुलासा, AC-1 कोच से 75 लीटर शराब जब्त
समस्तीपुर में रेल पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी-1 कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। बताया गया कि 4 सितंबर को ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंचने के बाद यात्रियों के सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एच-1 कोच में बर्थ नंबर-7 के पास रखे दो सूटकेस पुलिस के संदेह के घेरे में आए। तलाशी लेने पर दोनों सूटकेस में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब मिली।
मामले में एक युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के बाद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। रेल पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए शराब की खेप कहां से लाई गई और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। ट्रेनों में अवैध शराब की आवाजाही रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी है।
#BiharNews #SamastipurNews #LiquorSmuggling #RailwayPolice #taptisamanvya
