मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा, गाड़ियों से टकराया अमेजन का कार्गो प्लेन
अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। सैन जुआन से आया अमेजन का कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया और एयरपोर्ट के पास मौजूद कई गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा दो अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनकी हालत अपेक्षाकृत कम गंभीर बताई गई। हादसे के वक्त पायलट और को-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे, जबकि कई लोग टक्कर से क्षतिग्रस्त वाहनों के अंदर फंसे रहे। एक व्यक्ति के वाहन के नीचे दबे होने की भी जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही 60 से ज्यादा फायर और रेस्क्यू यूनिट्स मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने आग बुझाने के साथ-साथ विमान और गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया। विमान से ईंधन का रिसाव भी हो रहा था, जिससे राहत अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
हादसे के कारण मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ और कई उड़ानों में देरी हुई। दुर्घटना की असली वजह पता लगाने के लिए अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड यानी NTSB जांच करेगा। अमेजन ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जांच में सहयोग की बात कही है।
#MiamiAirport #PlaneCrash #AmazonAirCargo #USNews #AviationNews #BreakingNews #PlaneAccident #taptisamanvya
