आज की प्रमुख खबरें 16/09/26
1. नितिन नवीन का दो दिवसीय मध्यप्रदेश दौरा, इंदौर-उज्जैन में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे इंदौर और उज्जैन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 17 सितंबर को इंदौर में स्वामित्व योजना की नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद उज्जैन में शिप्रा आरती, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और भजन संध्या में शामिल होंगे। 18 सितंबर को वे महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे।
2. बैतूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 8 स्वर्ण पदक के साथ वेटलिफ्टिंग में स्टेट चैंपियन
सीहोर में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में बैतूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के 11 खिलाड़ियों ने कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में हिस्सा लिया और 8 स्वर्ण पदक हासिल किए। वेटलिफ्टिंग में बैतूल ने ओवरऑल स्टेट चैंपियन का खिताब जीता। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 8 खिलाड़ी अब राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
3. बैतूल के पास जयपुर-मैसूर एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग, दो बार रोकनी पड़ी ट्रेन
इटारसी-नागपुर रेललाइन पर जयपुर-मैसूर एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या सामने आई। मरामझिरी और बरसाली के पास पहियों से धुआं निकलने पर ट्रेन को दो बार रोका गया। तकनीकी टीम ने ब्रेक की समस्या दूर की, लेकिन इस घटना के कारण ट्रेन के परिचालन पर असर पड़ा और पांढुर्णा पहुंचने में 2 घंटे 31 मिनट की देरी हुई।
4. मुलताई में बर्तन की दुकान में सेंधमारी, करीब 6 लाख का सामान और नकदी चोरी
मुलताई के रेलवे स्टेशन रोड स्थित पटेल वार्ड में शिवशक्ति मेटल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। मंगलवार रात पीछे का दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे आरोपियों ने पीतल, तांबे और कांसे का सामान समेत करीब 6 लाख रुपये का माल और नकदी चोरी कर ली। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई।
5. मुलताई सरकारी अस्पताल में जल्द शुरू हो सकती है सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा
मुलताई के सरकारी अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी सुविधा शुरू कराने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में स्टाफ और जरूरी व्यवस्थाओं की कमी का मुद्दा उठाया। कलेक्टर ने एक महीने के भीतर सुविधा शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
6. मुलताई में जल सप्लाई सुधारने की कवायद, फिल्टर प्लांट की मोटर 75 HP की होगी
मुलताई नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए खरसाली स्थित वाटर फिल्टर प्लांट की सफाई और क्षमता बढ़ाने का काम शुरू किया गया है। प्लांट की 40 हॉर्स पावर की मोटर को बढ़ाकर 75 हॉर्स पावर किया जा रहा है। वहीं इंटेकवेल की मोटर क्षमता 75 से बढ़ाकर 100 हॉर्स पावर की गई है।
7. घोघरा घाट पर ताप्ती नदी में बहा 21 वर्षीय छात्र, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
बैतूल के भीमपुर क्षेत्र के घोघरा घाट पर 21 वर्षीय पवन सोनारे ताप्ती नदी के तेज बहाव में बह गया। दोस्तों के साथ नदी में नहाते समय उसका पैर फिसल गया था। सूचना के बाद SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाश में मुश्किलें आ रही हैं।
8. खराब सोयाबीन फसल को लेकर किसानों का प्रदर्शन, मुआवजा और बीमा राशि की मांग
चिचोली में भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने खराब सोयाबीन फसल को लेकर तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया। किसानों ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने और मुआवजा व फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की। इसके साथ ही कृषि उपकरणों की चोरी रोकने और गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी रखी गई।
9. बैतूल में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने निकाली रैली
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने चित्रकला, प्रश्न मंच, वाद-विवाद, नारा लेखन और ऑनलाइन क्विज में हिस्सा लिया। जागरूकता रैली के जरिए ओजोन परत के संरक्षण का संदेश दिया गया।
10. ढुटमूर में गहरे पानी से शव निकालने के लिए नदी में उतरे प्रधान आरक्षक, एसपी ने की सराहना
आमला थाना क्षेत्र के ग्राम ढुटमूर में नदी के गहरे पानी से 22 वर्षीय युवक का शव निकालने के दौरान प्रधान आरक्षक बसंत उइके ने साहस का परिचय दिया। स्थानीय तैराकों के असमर्थता जताने के बाद उन्होंने कमर में रस्सी बांधकर नदी में उतरकर शव बाहर निकाला। एसपी वीरेंद्र जैन ने उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
#BetulNews #Betul #Multai #BetulNewsUpdate #LocalNews #MadhyaPradeshNews #NewsUpdate #taptisamanvya
