September 17, 2026

प्रतापगढ़ में रेलवे ट्रैक पर हादसा, ट्रेन की चपेट में आईं 30 बकरियां

0
Post no. 0

प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र में बारिश के बीच प्रयागराज-लखनऊ रेलवे लाइन पर बड़ा हादसा हो गया। रेलवे फाटक संख्या 17सी के पास कृष्णा राम का पुरवा बिसहिया गांव के नजदीक करीब 30 बकरियां इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसे में सभी बकरियों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि तीन महिलाएं बकरियों के झुंड को लेकर रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान लखनऊ से प्रयागराज जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक पर पहुंच गई। ट्रेन को आता देख गेटमैन ने आवाज देकर महिलाओं को ट्रैक से हटा लिया, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, बकरियों का झुंड समय रहते ट्रैक से नहीं हट सका और ट्रेन की चपेट में आ गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। आरपीएफ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रैक से बकरियों को हटवाने के बाद रेल यातायात को सुचारु कराया। बताया गया कि मृत बकरियां पशुपालक अशोक पासी और होरी पासी की थीं।

अचानक हुए इस हादसे से दोनों पशुपालकों को आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास पशुओं को ले जाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

#Pratapgarh #Hathigwan #RailwayAccident #TrainAccident #Prayagraj #Lucknow #IntercityExpress #RailwayNews #UPNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *