एक हाथ में बच्चा, दूसरे में वर्दी का फर्ज, रोहतास की महिला कांस्टेबल ने जीता दिल
बिहार के रोहतास जिले के सासाराम से महिला कांस्टेबल पूनम कुमारी की एक तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सासाराम के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान वीआईपी ड्यूटी पर तैनात पूनम कुमारी की तस्वीर लोगों का ध्यान खींच रही है।
वायरल वीडियो में पूनम पुलिस की वर्दी में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करती नजर आ रही हैं। उनके एक हाथ में पुलिस कैप है, जबकि दूसरे हाथ से उन्होंने अपने मासूम बच्चे को सीने से लगा रखा है। आसपास अन्य पुलिसकर्मी और अधिकारी लगातार आवाजाही कर रहे हैं, लेकिन पूनम अपने बच्चे को संभालने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर बनाए रखती दिखाई देती हैं।
कभी बच्चा मां के कंधे पर सिर रखता है, तो कभी आसपास का माहौल देखने लगता है। वहीं मां एक पल के लिए भी अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटती नजर नहीं आतीं। एक तरफ बच्चे की देखभाल और मां की ममता, तो दूसरी तरफ वर्दी की जिम्मेदारी—पूनम दोनों भूमिकाएं एक साथ निभाती दिखाई दीं।
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग महिला कांस्टेबल के जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह तस्वीर उन महिलाओं की मेहनत और हिम्मत को दिखाती है, जो परिवार और नौकरी की जिम्मेदारियों को एक साथ संभालती हैं।
#RohtasNews #Sasaram #WomenPolice #LadyConstable #ViralVideo #BiharNews #Motherhood #taptisamanvya
