दाहोद में दिखा कुदरत का अनोखा करिश्मा, एक शरीर पर दो सिर वाला सांप मिला!
गुजरात के दाहोद जिले में एक बेहद दुर्लभ दो सिर वाला सांप मिलने से वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ गई। धनपुर वन क्षेत्र के अगासवानी गांव में स्थानीय लोगों ने करीब 6 इंच लंबे सांप को देखा, जिसके बाद उन्होंने दाहोद प्रकृति मित्र मंडल को इसकी जानकारी दी। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित बचाया और उसे दाहोद लाकर निगरानी में रखा।
रेस्क्यू किए गए इस सांप के एक ही शरीर पर दो अलग-अलग सिर हैं और दोनों सिरों में आंखों की अलग-अलग जोड़ी दिखाई देती है। वन्यजीव रेस्क्यू टीम के अनुसार यह गैर-जहरीला वुल्फ स्नेक है। सांप की उम्र करीब एक साल बताई जा रही है।
इस तरह की शारीरिक स्थिति को बाइसेफली कहा जाता है, जिसमें एक ही शरीर पर दो सिर विकसित हो जाते हैं। दोनों सिर अलग-अलग तरीके से भोजन, हलचल या खतरे पर प्रतिक्रिया कर सकते हैं, जिससे ऐसे जीवों के लिए जंगल में चलना, भोजन करना और शिकारियों से बचना मुश्किल हो सकता है।
रेस्क्यू टीम के मुताबिक, गुजरात में दो सिर वाले सांप के रेस्क्यू का यह पहला मामला बताया जा रहा है। भारत में भी ऐसे मामले बेहद दुर्लभ हैं। फिलहाल टीम सांप की स्थिति पर नजर रख रही है और उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
#DahodNews #GujaratNews #TwoHeadedSnake #RareSnake #WildlifeRescue #WolfSnake #WildlifeNews #taptisamanvya
