October 16, 2026

ओडिशा में तेज रफ्तार ट्रक ने मचाई तबाही, बाइकों और कार को मारी टक्कर; महिला की मौत

0
Post no.

ओडिशा के गंजाम जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। चामाखंडी चौक के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने कई बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक दूसरी लेन में जा रही एक कार से भी टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 7 से 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर वाहनों के बीच हुई टक्कर का खौफनाक मंजर देखने को मिला। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने चामाखंडी चौक के आसपास लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों में किसी और की जान न जाए। फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

#Odisha #Ganjam #RoadAccident #TruckAccident #CCTVFootage #RoadSafety #BreakingNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *