काजू कतली में मिठास की जगह निकला ब्लेड! गाजियाबाद की दुकान का मामला वायरल
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की खरीदारी के बीच खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है। गाजियाबाद के शक्ति खंड-4 में एक मिठाई की दुकान से खरीदी गई काजू कतली में ब्लेड का टुकड़ा मिलने की घटना सामने आई है। इस मामले के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शक्ति खंड-1 निवासी वासु सचदेवा ने अपनी बहन के घर भेजने के लिए एक नामी मिठाई की दुकान से काजू कतली खरीदी थी। जब मिठाई का डिब्बा खोला गया, तो एक टुकड़े में ब्लेड का हिस्सा दिखाई दिया। जांच करने पर उसमें ब्लेड का लगभग आधा हिस्सा होने की बात सामने आई।
इसके बाद ग्राहक मिठाई का डिब्बा लेकर दुकान पहुंचा। ग्राहक ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर मैनेजर ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। साथ ही, कर्मचारियों पर ब्लेड वाले मिठाई के टुकड़े को हटा देने और मैनेजर पर धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
मामले का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग के अधिकारी सुरेश मिश्रा के अनुसार, सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया। दुकानदार का पक्ष लिया जा चुका है, जबकि ग्राहक का पक्ष भी लिया जाना है।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि मिठाई में ब्लेड कैसे पहुंचा और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी बनती है। यह घटना खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
#GhaziabadNews #UttarPradeshNews #Kajukatli #FoodSafety #SweetShop #ViralVideo #BreakingNews #taptisamanvya
