15 लाख की कार से आए, 10 हजार के दो बकरे चुराए! पूर्णिया में 11 सेकेंड में चोरी
बिहार के पूर्णिया से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक कार में पहुंचे दो युवक दिनदहाड़े महज 11 सेकेंड में दो बकरे चुराकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 19 अक्टूबर को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 स्थित चिकनी मोहल्ले में हुई। वीडियो में एक सफेद कार सड़क किनारे बकरों के पास आकर रुकती दिखाई देती है। इसके बाद कार से दो युवक उतरते हैं और तेजी से बकरों को पकड़कर गाड़ी में डाल लेते हैं।
वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि दोनों युवक अपने जूते-चप्पल कार में ही छोड़कर नंगे पैर नीचे उतरते हैं। एक युवक सफेद शर्ट और हाफ पैंट में, जबकि दूसरा काली टी-शर्ट और फुल पैंट में नजर आता है। दोनों बकरों को गाड़ी में डालते हैं और कुछ ही पलों में कार लेकर वहां से निकल जाते हैं।
इसी दौरान पास में मौजूद लाल साड़ी पहने एक महिला हाथ में झाड़ू लेकर बाहर आती है। जब तक उसे घटना का एहसास होता है, कार वहां से काफी दूर निकल चुकी होती है। इसके बाद महिला शोर मचाती है और आसपास की महिलाएं भी मौके पर पहुंच जाती हैं।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए दोनों बकरों की कीमत करीब 10 हजार रुपये थी। बकरों के मालिक मोहम्मद बदिर ने मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया है। अब इस घटना का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
#PurniaNews #BiharNews #GoatTheft #CCTVVideo #ViralVideo #CrimeNews #BiharCrime #taptisamanvya
