October 23, 2026

चीन के तिब्बत में 7 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 16 की मौत, 300 से ज्यादा मकान ढहे!

0
Post no.

चीन के तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार रात आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। रिक्टर स्केल पर 7.0 तीव्रता वाले इस भूकंप के कारण कई गांवों में मकान क्षतिग्रस्त हो गए और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलना पड़ा। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 32 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 11 की हालत गंभीर है, वहीं 21 लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, भूकंप गुरुवार रात स्थानीय समयानुसार 10 बजकर 33 मिनट पर आया। तेज झटकों के कारण 300 से अधिक मकान ढह गए। कई प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति और दूरसंचार सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं।

भूकंप का केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागचू क्षेत्र की बाकेन काउंटी स्थित मारू कस्बे में था। इसकी गहराई जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। भूकंप प्रभावित इलाका पहाड़ी है, जहां समुद्र तल से औसत ऊंचाई लगभग 4,864 मीटर बताई गई है।

भूकंप के झटके इतने तेज थे कि मारू कस्बे के प्रशासनिक कार्यालय की दीवारों में भी दरारें पड़ गईं। मुख्य भूकंप के बाद आसपास के क्षेत्रों में 3 से 4 तीव्रता के कई छोटे झटके भी दर्ज किए गए।

सरकारी मीडिया द्वारा जारी वीडियो में लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों और खड़ी गाड़ियों में शरण लेते दिखाई दिए। अचानक आए भूकंप के कारण प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने दूसरे स्तर की भूकंप आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया सक्रिय कर दी है। दमकलकर्मियों और बचाव दलों को प्रभावित गांवों में भेजा गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त मकानों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाना, घायलों को उपचार उपलब्ध कराना और मलबे में फंसे संभावित लोगों की तलाश करना है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

#TibetEarthquake #ChinaEarthquake #EarthquakeNews #BreakingNews #WorldNews #NaturalDisaster #HindiNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *