October 26, 2026

आज की प्रमुख खबरें 25/10/2026

0
Post no. _20261025_194151_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

1. बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सुनी मन की बात, जल संरक्षण का दिया संदेश

बैतूल विधानसभा के बडोरा मंडल अंतर्गत ग्राम भडूस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और जल संरक्षण को जनअभियान बनाने की अपील की।

2. पंचशील बुद्ध विहार में निकली भव्य धम्म रैली, कठिन चीवर दान समारोह संपन्न

बैतूल के सदर स्थित पंचशील बुद्ध विहार में कठिन चीवर दान एवं वर्षावास समापन समारोह के तहत धम्म रैली निकाली गई। रैली में बौद्ध भिक्षुओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान बुद्ध की प्रतिमा, सम्राट अशोक की झांकी, आदिवासी नृत्य और कठिन चीवर पालकी आकर्षण का केंद्र रहे। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ तीन दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ।

3. माचना नदी के एनीकट में मिला सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक का शव

बैतूल के विवेकानंद वार्ड क्षेत्र में माचना नदी के एनीकट से 63 वर्षीय सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक राजकुमार सूर्यवंशी का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद होगा।

4. चिचोली में प्रशासन की कार्रवाई, अस्पताल के सामने से हटाया 15 साल पुराना अतिक्रमण

चिचोली में निर्माणाधीन 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के सामने किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने कार्रवाई की। तहसीलदार श्याम सिंह उईके और थाना प्रभारी हरिओम पटेल की मौजूदगी में जेसीबी से कब्जा हटाया गया। कई नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से अस्पताल के मुख्य गेट और एप्रोच रोड का निर्माण रुका हुआ था। अब निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

5. छिंदवाड़ा में 110 गर्भवती महिलाओं की जांच, 37 हाई रिस्क मामले चिन्हित

छिंदवाड़ा जिला चिकित्सालय के मातृत्व विंग में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 110 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 37 महिलाएं हाई रिस्क गर्भावस्था की श्रेणी में चिन्हित हुईं। वहीं, 67 महिलाओं की जीडीएम स्क्रीनिंग में 11 पॉजिटिव पाई गईं। सभी चिन्हित महिलाओं को आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया।

6. पांढुर्णा में समाज कार्य पर कार्यशाला, विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा के लिए किया प्रेरित

पांढुर्णा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत समाज कार्य विषय पर कार्यशाला आयोजित हुई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सहभागिता और ग्रामीण विकास में समाज कार्यकर्ताओं की भूमिका समझाई। साथ ही जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सहायता के लिए सक्रिय भागीदारी करने का संदेश दिया।

7. मां नर्मदा को अर्पित की 108 फीट लंबी चुनरी, सलकनपुर में हुई सामूहिक आरती

बैतूल के क्षत्रिय लोणारी कुनबी समाज द्वारा सलकनपुर देवी दर्शन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने नर्मदापुरम पहुंचकर मां नर्मदा को 108 फीट लंबी चुनरी अर्पित की। इसके बाद सलकनपुर धाम में मां बिजासन के दर्शन कर सामूहिक आरती की गई और समाज की सुख-समृद्धि एवं एकता की कामना की गई।

8. बैतूल के मोक्षधाम से निकाला 143 किलो प्लास्टिक कचरा

75 कदम धरती सेवा अभियान के 24वें दिन वृंदा सोशल फाउंडेशन के सहयोग से बैतूल के कोठी बाजार स्थित मोक्षधाम में सफाई अभियान चलाया गया। सेवादारों ने लगभग 143 किलो प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्र कर नगर पालिका को सौंपा। अभियान से जुड़े सदस्यों ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक कचरा नहीं फेंकने और इसके उपयोग को कम करने की अपील की।

9. कलेक्टर के निर्देश पर इटारसी में बस संचालकों पर कार्रवाई, परमिट निरस्त करने की चेतावनी

नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर इटारसी में बसों के संचालन को लेकर मिली शिकायतों के बाद आरटीओ प्रमोद कापसे ने निरीक्षण किया। इस दौरान इटारसी ओवरब्रिज से यात्रियों को बैठाने और उतारने वाले बस संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। आरटीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को बैठाने और उतारने का कार्य नवीन बस स्टैंड से ही किया जाए। दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर बस का परमिट निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

#BetulNews #MultaiNews #Chicholi #Chhindwara #Pandhurna #Narmadapuram #MadhyaPradeshNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *