भोपाल ISBT पर भीषण आग! वर्मा ट्रैवल्स की 8 बसें जलकर खाक, 5 करोड़ तक का नुकसान
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) पर रविवार, 25 अक्टूबर की शाम भीषण आग लगने से वर्मा ट्रैवल्स की आठ बसें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में एक के बाद एक कई बसें इसकी चपेट में आ गईं। आसमान में उठता काला धुआं और बसों से निकलती आग की ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले टर्मिनल पर खड़ी एक बस में लगी, जिसके बाद लपटें आसपास खड़ी अन्य बसों तक पहुंच गईं। जलती बसों के पुर्जों के बार-बार फटने से टर्मिनल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग को और फैलने से रोकने के लिए आसपास खड़ी दूसरी बसों को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में नागपुर, अहमदाबाद और सूरत जैसे लंबी दूरी के रूट पर चलने वाली बसें भी प्रभावित हुईं, जिसके चलते कई निर्धारित यात्राएं रद्द करनी पड़ीं।
वर्मा ट्रैवल्स के संचालक दीपक वर्मा के अनुसार, आग से लगभग चार से पांच करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
#Bhopal #ISBTFire #BusFire #VermaTravels #MadhyaPradesh #FireIncident #BreakingNews #taptisamanvya
