October 27, 2026

संवाददाता से संपादक और अब मानद डॉक्टरेट तक, बैतूल के पत्रकार गगनदीप खेरे को मिला सम्मान

0
Post no. (5)

बैतूल। पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब तीन दशकों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार एवं ताप्ती समन्वय के संपादक गगनदीप खेरे को नई दिल्ली की प्रेस्टीज पेस अवार्ड काउंसिल द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान, सामाजिक सरोकारों, समाज कल्याण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

24 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित समारोह में मथुरा के महंत प्रशांत गिरी महाराज, काउंसिल के अध्यक्ष सौरभ वशिष्ठ और आईटीबीपी के सेवानिवृत्त कमांडेंट ओमप्रकाश यादव ने उन्हें सम्मानित किया।

गगनदीप खेरे ने पत्रकारिता की शुरुआत बैतूल और भोपाल से प्रकाशित समाचार पत्रों में संवाददाता के रूप में की थी। इसके बाद स्वयं का साप्ताहिक समाचार पत्र शुरू किया। शुरुआती दौर में उन्होंने समाचार संकलन, कंपोजिंग से लेकर प्रिंटिंग मशीन चलाने तक की जिम्मेदारी निभाई। समय के साथ उनका साप्ताहिक समाचार पत्र दैनिक अखबार में परिवर्तित हुआ, जिसके वर्तमान में बैतूल और भोपाल से दो संस्करण प्रकाशित होते हैं।

वे ताप्ती समन्वय यूट्यूब चैनल के संपादक, राज्य स्तरीय अधिमान्य पत्रकार, बैतूल जिला संपादक एवं प्रकाशक संघ के अध्यक्ष और अखिल भारतीय श्री पटवा वैश्य महासभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी भी हैं।

बताया गया कि बैतूल के पत्रकार गोपाल साहू द्वारा उनके पत्रकारिता सफर पर लिखा गया लेख वायरल होने के बाद काउंसिल ने उनसे संपर्क किया और सम्मान के लिए चयन किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद गगनदीप खेरे ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे मीडिया जगत का सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, स्टाफ, मित्रों और सभी सहयोगियों को देते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया।

#GagandeepKhere #HonoraryDoctorate #BetulNews #Journalism #MediaExcellence #MultaiNews #PrestigePaceAward #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *