फ्लोरिडा में आसमान से गिरा निजी विमान, 9 लोगों की दर्दनाक मौत!
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक भीषण विमान हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नौ लोगों को लेकर बहामास जा रहा निजी लियरजेट पाम बीच काउंटी के ग्रीनएकर्स इलाके में सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे आया और जमीन से टकराते ही आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। हादसे में विमान सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि विमान रिहायशी मकानों और व्यस्त सड़क से गुजर रहे वाहनों के बेहद करीब गिरा। गनीमत रही कि जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरी थी और बहामास जा रहा था। उड़ान के दौरान पायलट ने खराब मौसम, तेज टर्बुलेंस और विमान पर बर्फ जमने की शिकायत की थी। इसके बाद विमान तेजी से ऊंचाई खोने लगा और पायलट ने कई बार इमरजेंसी कॉल की, लेकिन विमान को संभाला नहीं जा सका।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आग और धुएं का गुबार छा गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की मोबाइल होम कॉलोनी से करीब 600 लोगों को बाहर निकाला गया और सड़क को बंद कर दिया गया। अमेरिकी विमानन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि खराब मौसम या विमान पर जमी बर्फ हादसे की वजह बनी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था।
#FloridaPlaneCrash #USA #LearjetCrash #PlaneCrash #BreakingNews #InternationalNews #AviationNews #taptisamanvya
