November 2, 2026

ग्वालियर के अस्पताल में मोबाइल ब्लास्ट, बाल-बाल बचे मरीज और स्टाफ

0
Post no. (1)

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक क्लिनिक के अंदर मोबाइल फोन में अचानक जोरदार धमाका होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना थाटीपुर इलाके में चौहान प्याऊ के पास स्थित दृष्टि क्लिनिक की है, जहां कई मरीज डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक मरीज के पास रखा मोबाइल फोन अचानक फट गया और उसमें आग लग गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर क्लिनिक में मौजूद मरीज, उनके परिजन और मेडिकल स्टाफ घबरा गए। आग और धुआं फैलता देख लोग तुरंत बाहर की ओर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोबाइल में धमाका होते ही आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को संभालते हुए क्लिनिक के कर्मचारियों ने तुरंत पानी डालकर जलते हुए मोबाइल की आग बुझाई। उनकी तत्परता से आग आसपास रखे फर्नीचर और मेडिकल उपकरणों तक नहीं पहुंच सकी। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई और क्लिनिक में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और क्लिनिक को भी बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल मोबाइल में धमाके की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि बैटरी में खराबी, ओवरहीटिंग या किसी तकनीकी समस्या के कारण यह घटना हुई होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना ने भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

#Gwalior #MobileBlast #DrishtiClinic #Thatipur #MadhyaPradeshNews #MobileExplosion #BreakingNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *