November 4, 2026

दिल्ली के मयूर विहार के स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा की मौत, खेल पीरियड के बाद क्लासरूम में गिरी

0
Post no. (3)

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा की अचानक बेहोश होकर गिरने से मौत हो गई। घटना 4 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:52 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बच्ची का स्पोर्ट्स पीरियड खत्म होने के बाद वह वापस अपने क्लासरूम में पहुंची थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह फर्श पर गिरकर बेहोश हो गई। स्कूल में मौजूद लोगों ने बिना देरी किए बच्ची को निर्माण विहार स्थित मालिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती रिपोर्ट्स में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूल के क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें बच्ची अचानक जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही बच्ची के माता-पिता, सहपाठियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस डिजिटल और अन्य भौतिक साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल बच्ची की अचानक हुई मौत से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है।

#DelhiNews #MayurVihar #LovelyPublicSchool #SchoolNews #StudentDeath #DelhiPolice #BreakingNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *