पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच आग की चपेट में, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान!
पंजाब के पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना राजपुरा के पास सराय बंजारा इलाके में हुई, जहां चलती ट्रेन के कोचों से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते डिब्बों से घना धुआं निकलने लगा और आसपास धुएं का गुबार फैल गया। आग की लपटें देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे। बताया जा रहा है कि कर्मभूमि एक्सप्रेस पंजाब से बिहार की ओर जा रही थी। दिवाली के त्योहार के चलते ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ थी, जिससे घटना के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई। हादसे के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें ट्रेन के डिब्बों से आग और धुआं उठता दिखाई दे रहा है। राहत की बात यह है कि सभी यात्री समय रहते ट्रेन से नीचे उतर गए और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और संपत्ति के नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
#PatialaNews #KarmabhoomiExpress #TrainFire #PunjabNews #RailwayUpdate #DiwaliTravel #BreakingNews #taptisamanvya
