बेटा नहीं, इकलौती बेटी है, इसलिए बागपत के बुजुर्ग ने खुद कराई अपनी तेरहवीं
बागपत (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के जोहड़ी गांव से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान भी किया है और सोचने पर मजबूर भी कर दिया है। आमतौर पर किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद आत्मा की शांति और शोक व्यक्त करने के लिए तेरहवीं का आयोजन किया जाता है, लेकिन यहां के रहने वाले 80 वर्षीय चौधरी बलजोर सिंह ने मौत का इंतजार किए बिना जीते-जी अपनी तेरहवीं का भोज करा दिया।
रविवार को उनके घर के आंगन में हुए इस अनूठे आयोजन में दूर-दूर से लोग पहुंचे। बड़े-बड़े कड़ाह चढ़े, हलवाइयों ने पकवान बनाए और करीब 900 लोगों ने एक साथ बैठकर भोज किया। सुबह पहले विधि-विधान से हवन हुआ, इसके बाद पूड़ी, रायता, दो तरह की सब्जियां और गरमा-गरम लड्डुओं का दौर चला। जिन रस्मों को देखकर आमतौर पर परिवार वाले रोते-बिलखते हैं, उस आयोजन में खुद बलजोर सिंह मुस्कुराते हुए मेहमानों का स्वागत कर रहे थे।
कनक सिंह के पुत्र बलजोर सिंह का जीवन समाज के बीच मेलजोल और भाईचारे में बीता है। वे पूरी जिंदगी दूसरों के यहां कार्यक्रमों और तेरहवीं-मृत्युभोज में शामिल होते रहे। उनके मन में लंबे समय से यह इच्छा थी कि अपने जीवनकाल में ही परिचितों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों को एक साथ एक छत के नीचे बैठाकर भोजन कराएं। परंपरागत रूप से ऐसी रस्मों की जिम्मेदारी परिवार के बेटे पर होती है, लेकिन बलजोर सिंह का कोई बेटा नहीं है और उनकी इकलौती बेटी है। वे नहीं चाहते थे कि उनके निधन के बाद बेटी को इन सभी परंपराओं और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उठानी पड़े।
जब उन्होंने परिवार के सामने अपनी यह अलग इच्छा रखी, तो शुरुआत में सब चौंक गए, लेकिन बाद में परिवार ने उनकी खुशी और भावना का सम्मान करते हुए आयोजन को पूरी भव्यता के साथ कराने का फैसला किया।
आयोजन का सबसे भावुक और मुख्य क्षण पगड़ी रस्म रही। अमूमन परिवार के बुजुर्ग के निधन के बाद घर की पगड़ी उत्तराधिकारी को सौंपी जाती है, ताकि वह परिवार की कमान संभाल सके। लेकिन बलजोर सिंह ने अपनी ही मौजूदगी में यह परंपरा पूरी कर ली और अपनी पगड़ी नाती मुकुल के सिर बांधकर उसे पारिवारिक जिम्मेदारियों का उत्तराधिकारी बना दिया। उनके परिवार में बेटी पिंकी, दामाद सुखपाल, तीन नातिन और नाती मुकुल हैं।
ग्रामीणों के लिए यह नज़ारा बिल्कुल अलग था, क्योंकि शायद ही किसी ने पहले देखा हो कि कोई इंसान अपनी मृत्यु के बाद होने वाले भोज का आनंद खुद जीवित रहकर ले रहा हो। यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
#Baghpat #UttarPradesh #UPNews #Terahvi #Johri #UnusualNews #ViralNews #taptisamanvya
