आज की प्रमुख खबरें 16/11/2026
आज की प्रमुख खबरें
1. भोपाल में मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जोनों से चयनित 91 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन मुंबई में होने वाली 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए किया जाएगा।
2. नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क, पेयजल, सफाई, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही झूलों की सुरक्षा जांच और फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
3. बैतूल के सतपुड़ा डेम घाट पर सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन हुआ। भोजपुरी एकता मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा कर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों की लंबी उम्र की कामना की गई।
4. बैतूल में रैपिडो और जुगनू बाइक टैक्सी के संचालन को लेकर ऑटो चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया। सीटू के बैनर तले चालकों ने शिवाजी चौक से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बाइक टैक्सी के कमर्शियल रजिस्ट्रेशन, परमिट और जरूरी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की। चालकों का कहना है कि इससे उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है।
5. मुलताई के बिरूल बाजार चौराहे पर सोमवार को कार और बाइक की भिड़ंत में 15 वर्षीय मयंक सोनारे की मौके पर मौत हो गई। हादसे में उसका साथी अर्नव और कार में सवार दो युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक दूर जा गिरी और कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
6. मुलताई-मासोद मार्ग पर ग्राम सांडिया के पास सोमवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से बाइक जा घुसी। हादसे में ब्राह्मणवाड़ा निवासी 50 वर्षीय शिक्षक सुरेश कुमरे की मौके पर मौत हो गई। वे ग्राम वंडली स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में पदस्थ थे और ड्यूटी से मुलताई लौट रहे थे।
7. मुलताई के हिंदी-उर्दू माध्यमिक शाला में सोमवार को बाल मेले का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने चने, पानीपुरी, कटलेट, भेलपुरी और अन्य व्यंजनों के स्टॉल लगाए। शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। प्रधान अध्यापिका वर्षा खेरे ने बताया कि बच्चों ने स्वयं बाल मेले के आयोजन की इच्छा जताई थी।
8. छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के फोटो मंगाने, स्कूलों में आधार अपडेट और जर्जर भवनों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। हर्रई और तामिया में मलेरिया के मामलों को देखते हुए निगरानी बढ़ाने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण करने को कहा।
9. बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत धामन्या में 17 नवंबर को संसदीय संकुल विकास परियोजना का शुभारंभ होगा। तैयारियों का जायजा लेने केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। आयोजन में स्वास्थ्य और सिकल सेल जांच शिविर, योजनाओं की प्रदर्शनी तथा हितग्राहियों को लाभ वितरण किया जाएगा। जनजातीय कलाकार पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत करेंगे।
10. बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने समय-सीमा बैठक में जल संरक्षण और पेयजल प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम को जलस्तर की मैपिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और सिंचाई व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित शिकायतों, पेंशन प्रकरणों और स्कूलों व आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों का समय पर निराकरण करने को कहा।
#BetulNews #MultaiNews #ChhindwaraNews #BhopalNews #MadhyaPradesh #MPNews #LocalNews #taptisamanvya
