November 25, 2026

आज की प्रमुख खबरें 24/11/2026

0
Post no. _20261124_203051_0000.jpg

आज की प्रमुख खबरें

भोपाल: श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका। उन्होंने गुरु वाणी और कीर्तन का श्रवण करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। खंडेलवाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को नई दिशा प्रदान की है और उनके त्याग एवं समर्पण को सदैव याद रखना चाहिए। वहीं, कांग्रेस छोड़ रहे कार्यकर्ताओं को लेकर उन्होंने पार्टी को अपनी नीतियों और नेतृत्व पर आत्ममंथन करने की सलाह दी।

धार: जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर भेरू चौकी के समीप उज्जैन से मोरबी जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 के दो वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को सरदारपुर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों की स्थिति सुरक्षित बताई गई है और उनका उपचार जारी है।

नर्मदापुरम: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बांद्राभान में नर्मदा और तवा के पवित्र संगम पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। सुबह आठ बजे तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके थे, जबकि शाम तक यह संख्या दो लाख से अधिक पहुंच गई। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने सुबह छह बजे मेला स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बांद्राभान मेले के 200 वर्ष पूर्ण होने पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। मेले में पुलिस एवं होमगार्ड के 400 से अधिक जवान और 100 से अधिक प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहे। ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।

मुलताई: मां ताप्ती की पावन नगरी में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह चार बजे से ही ताप्ती सरोवर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। आसपास के गांवों और जिलों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद मां ताप्ती मंदिर में दर्शन-पूजन कर परिवार की खुशहाली की कामना की। सुरक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। नगर पालिका ने गोताखोरों की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं को गहरे पानी से दूर रहने की समझाइश दी। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने खिचड़ी, पोहा, हलुआ-पूड़ी और भोजन प्रसादी का वितरण किया।

बैतूल: कोरोना काल में वर्ष 2020 से बंद नागपुर-भुसावल दादाजी धाम एक्सप्रेस के पुनः संचालन को रेलवे ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब यह ट्रेन क्रमांक 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और सांसद बंटी विवेक साहू ने इस रेल सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए थे। ट्रेन छनेरा, खिरकिया, हरदा, टिमरनी, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला, मुलताई और पांढुर्णा के मार्ग से चलेगी। इससे दादाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा संबंधी यात्राओं में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैतूल: शहर में पेयजल संकट को देखते हुए नगर पालिका ने 25 नवंबर से हर तीसरे दिन पानी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। कम बारिश और जलस्रोतों में पानी की कमी के चलते यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। दूसरी ओर, जलापूर्ति में कटौती के साथ बढ़े हुए जलकर को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ने लगी है। नगर पालिका ने मार्च 2025 में मासिक जलकर 120 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए कर दिया था। नागरिकों का कहना है कि नियमित पानी नहीं मिलने पर बढ़ा हुआ जलकर वसूलना उचित नहीं है। शहरवासियों ने नगर पालिका से पुरानी दर लागू करने की मांग की है।

छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पोलियो बूथों पर अपनी सेवाएं दीं। ग्राम इमलीखेड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने में सहयोग किया गया। विद्यार्थियों ने घर-घर पहुंचकर अभिभावकों को पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी की टीम ने नियमित टीकाकरण एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

आमला: प्लास्टिक मुक्त हो आमला अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेडियम और हवाई पट्टी परिसर में व्यापक सफाई अभियान आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, खिलाड़ियों, महिलाओं, बुजुर्गों, चिकित्सकों, वकीलों और पत्रकारों ने सहभागिता की। श्रीकृष्ण लीला फाउंडेशन एवं नगर पालिका के सहयोग से नागरिकों ने प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य कचरा एकत्रित किया। अभियान के दौरान प्लास्टिक से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। नागरिकों से कचरा निर्धारित वाहनों में डालने की अपील करते हुए प्लास्टिक मुक्त आमला बनाने की शपथ दिलाई गई।

बैतूल: मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने जिला पंचायत परिसर स्थित शासकीय सीनियर अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई कक्ष में भोजन की गुणवत्ता परखी और विद्यार्थियों से पढ़ाई, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। अभिभावकों से फोन पर चर्चा कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी प्राप्त किया। पेयजल की जांच के लिए पानी का सैंपल लिया गया। आरओ, गीजर और सैनिटरी पैड की व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने असंतोष जताया। साथ ही विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट की तैयारी कराने, लाइब्रेरी में उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने और शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैतूल: इटारसी रोड स्थित सतलोक आश्रम उड़दन में संत रामपाल महाराज के सानिध्य में आयोजित तीन दिवसीय 513वें दिव्य धर्म यज्ञ भंडारे के दूसरे दिन समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम हुए। आयोजन में 31 जोड़ों का बिना दहेज और फिजूलखर्ची के सादगीपूर्ण विवाह संपन्न कराया गया। हमीदिया अस्पताल भोपाल की टीम के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं ने 268 यूनिट रक्तदान किया। आश्रम के अनुसार 3275 श्रद्धालुओं ने देहदान का संकल्प लिया और 2140 लोगों ने निशुल्क नाम दीक्षा ग्रहण की। इसके अलावा निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं दंत चिकित्सा शिविर सहित विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

#BetulNews #Multai #Amla #Chhindwara #Narmadapuram #MadhyaPradesh #LatestNews #taptisamanvya

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *