सागर में अनोखी पहल! अब शराब दुकानों के बाहर ही होगा पीने वालों का हेल्थ चेकअप
सागर (मध्यप्रदेश): जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सागर जिला प्रशासन ने लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां शराब का सेवन करने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सागर शहर सहित देवरी, रहली, बीना और खुरई में विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 97 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने लोगों को अत्यधिक शराब के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी खतरों के बारे में जानकारी दी।
प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करना और उन्हें समय रहते आवश्यक उपचार एवं उचित चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही लोगों को शराब के अत्यधिक सेवन से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से दर्जनों लोगों की मौत की खबरें सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई भी की थी।
जिला प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं आबकारी विभाग का यह संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
#SagarNews #MadhyaPradesh #HealthCheckup #DistrictAdministration #PublicHealth #ExciseDepartment #HealthAwareness #taptisamanvya
