आगजनी से तीन किसानों की गेहूं की फसल जली, 6 लाख का नुकसान

मुलताई। थाना क्षेत्र में लगातार आगजनी की घटनाएं घटित हो रही है। जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शुक्रवार ग्राम बिछुवा में दोपहर 2.15 बजे तीन किसानों के खेतों में आग लग गई। दिलीप ओमकार, लुंगर श्यामराव और आम्मिलाल देशमुख के खेतों में खड़ी और काटकर रखी गेहूं की फसल जल गई। तेजी से फैलती आग ने लगभग 50 एकड़ फसल को चपेट में ले लिया। इनमें से 20 एकड़ का गेहूं पहले से काटकर रखा गया था। किसानों को आगजनी में लगभग 6 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड कर्मी धनराज पवार, विजय बड़घरे और भूपेंद्र राठौर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।दमकल के कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि बड़े क्षेत्र में आग लगी है। सूचना पर दोनों दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचाया गया और लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद जैसे तैसे आग पर काबू पाया गया। आग आस पास के खेतों में ना पहुंच सके इसलिए खेतों में कल्टीवेटर चला कर आग को रोकने का प्रयास किसानों ने किया। जिससे अन्य किसानों की फसल जलने से बच गई।