आज की प्रमुख खबरें 17/11/2026
आज की प्रमुख खबरें
1. नर्मदापुरम में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने वन विभाग, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और राजस्व विभाग से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रकरणों का निराकरण करने, विस्थापित ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मुआवजा देने और भूमि आवंटन सहित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
2. शाहपुर में ब्रह्माकुमारीज संस्थान के गीता ज्ञान प्रवचन कार्यक्रम में आस्था दीदी ने जीवन में अच्छे संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि इंसान की वास्तविक सुंदरता उसके अच्छे गुणों, चरित्र और व्यवहार में होती है। साथ ही भारतीय संस्कृति और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
3. बैतूल की बडोरा कृषि उपज मंडी में अनाज रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके चलते करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मंडी प्रबंधन ने गेट पर ही वाहनों को रोक दिया, जिससे उपज लेकर पहुंचे किसानों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
4. सारनी के सतपुड़ा डेम पर छठ पूजा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने जलाशय के किनारे पहुंचकर विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। भोजपुरी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्ति गीतों ने आयोजन में विशेष आकर्षण बढ़ाया।
5. बैतूल के शिवाजी वार्ड स्थित मराठी मोहल्ले में एक अनाज व्यापारी के मकान में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फायरकर्मियों ने रसोई गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
6. मुलताई के रामनगर बाड़ेगांव रोड क्षेत्र में पेयजल संकट से परेशान एक दर्जन से अधिक महिलाएं नगरपालिका कार्यालय पहुंचीं और प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि उन्हें पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने अस्थायी व्यवस्था के बजाय स्थायी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने और लिखित आश्वासन देने की मांग की।
7. मुलताई के भगतसिंह वार्ड में बिजली के पोल पर लगे टॉप बॉक्स में अचानक आग लगने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से स्थानीय रहवासियों को परेशानी हुई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सुधार कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।
8. मुलताई के जयस्तंभ चौक स्थित एक सैलून में देर रात चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोर ने रात करीब दो से तीन बजे के बीच दुकान का ताला तोड़कर नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। दुकान संचालक के अनुसार करीब 10 से 20 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
9. छिंदवाड़ा में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 207 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने जमीन, बिजली, पानी और आवास सहित विभिन्न मामलों में आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
10. पांढुर्णा के शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। मेले में कुल 109 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से कंपनियों की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के बाद 63 युवाओं का चयन किया गया।
11. बैतूल में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय रास्तों से अतिक्रमण हटाने, पात्र ग्रामीणों को स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने और लंबित शिकायतों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
#BetulNews #MultaiNews #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #MPNews #LocalNews #ChhindwaraNews #taptisamanvya
