कूड़ा फेंकने के लिए भी खरीदना पड़ेगा सामान? भीलवाड़ा स्टेशन पर वायरल हुआ वीडियो
भीलवाड़ा (राजस्थान): राजस्थान के भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन से एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और नाराज भी। आमतौर पर लोगों को कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने की सलाह दी जाती है, लेकिन वायरल वीडियो के मुताबिक यहां दो लड़कों ने जब ऐसा ही किया, तो एक स्टॉल संचालक ने उन्हें रोक दिया।
वीडियो में दो लड़के रेलवे प्लेटफॉर्म पर घूमते नज़र आते हैं। उनके हाथ में डाइट कोक का एक खाली कैन होता है। चलते-चलते उनकी नजर एक खाने-पीने के स्टॉल के बाहर रखे डस्टबिन पर पड़ती है। वे सोचते हैं कि कचरा प्लेटफॉर्म पर फेंकने से बेहतर है कि उसे कूड़ेदान में डाल दिया जाए। जैसे ही कैन डस्टबिन में डाला गया, दुकानदार बाहर आ गया और पूछने लगा कि जब उन्होंने उसकी दुकान से कुछ खरीदा ही नहीं, तो वे उसके डस्टबिन का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं।
लड़कों ने दुकानदार को समझाने की कोशिश की कि जब कचरा डस्टबिन में डाल दिया गया है, तो उसे दोबारा बाहर निकालने का क्या मतलब है। लेकिन दुकानदार अपनी बात पर अड़ा रहा। वीडियो के अनुसार, उसने कहा कि यह उसका पर्सनल डस्टबिन है और इसका इस्तेमाल सिर्फ वही लोग कर सकते हैं जो उसकी दुकान से कुछ खरीदते हैं। इसके बाद उसने खुद डस्टबिन में हाथ डालकर खाली कैन बाहर निकाला और दोनों लड़कों को लौटा दिया। कुछ देर समझाने के बाद लड़के कैमरा दुकान की तरफ दिखाते हुए वहां से चले गए।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति कचरा सही जगह डालने की कोशिश कर रहा है, तो उसे रोकने के बजाय प्रोत्साहित करना चाहिए, क्योंकि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कुछ यूजर्स ने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। इस बीच रेलवे सेवा ने भी सोशल मीडिया पर इस वीडियो का संज्ञान लिया है और मामले को रेलवे अधिकारियों के ध्यान में लाया है।
#Bhilwara #Rajasthan #RajasthanNews #ViralVideo #RailwayStation #DustbinRow #Swachhta #taptisamanvya
