जिला सिंगरौली बैंक डकैती प्रकरण में डीजीपी कैलाश मकवाणा द्वारा 50 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा

0
IMG-20260419-WA0001

जिला सिंगरौली बैंक डकैती प्रकरण में डीजीपी कैलाश मकवाणा द्वारा 50 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा*

*निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप एक आरोपी लाखों रुपए नगद एवं जेवरात सहित पुलिस गिरफ्त में*

पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा ने सिंगरौली जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा बैढन में हुई सनसनीखेज सशस्त्र डकैती की घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए फरार अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी एवं पतासाजी हेतु 50 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा की है। डीजीपी द्वारा स्पष्ट संकेत दिया गया है कि प्रदेश में संगठित अपराध, हथियारबंद लूट और आमजन में भय का वातावरण बनाने वाले अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।

 

जिला सिंगरौली की इस बैंक डकैती घटना की जानकारी माननीय मुख्यमंत्री जी को दिए जाने पर उन्होंने भी इसे गंभीरता से लिया तथा डीजीपी को हेलीकॉप्टर से मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कल शाम स्टेट हेलीकॉप्टर द्वारा डीजीपी  कैलाश मकवाणा एवं रीवा संभाग प्रभारी एसडीजी अनिल कुमार भोपाल से रीवा पहुंचे।

 

रीवा एयरपोर्ट से सीधे बैढन, सिंगरौली पहुंचकर उन्होंने घटनास्थल बैंक का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की। इसके उपरांत कल रात ही थाने में आईजी, डीआईजी, एसपी एवं अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर डीजीपी श्री मकवाणा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन नाकाबंदी, तकनीकी विश्लेषण एवं समन्वित कार्रवाई के महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

 

उल्लेखनीय है कि 17 अप्रैल को थाना बैढन क्षेत्रांतर्गत Bank of Maharashtra की शाखा बैढन (विन्ध्यनगर मेन रोड) में पाँच अज्ञात सशस्त्र बदमाश घुस आए। आरोपियों के पास पिस्टल एवं कट्टा जैसे घातक हथियार थे। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को भयभीत कर एक स्थान पर बैठा दिया, उनके मोबाइल फोन छीन लिए तथा बैंक के स्ट्रांग रूम और कैश काउंटर से लगभग 20 लाख 20 हजार रुपए नकद राशि लूट ली। इसके साथ ही ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के एवज में जमा स्वर्ण आभूषण भी लूटकर ले गए, जिनके विरुद्ध बैंक द्वारा लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया था।

 

घटना के दौरान आरोपियों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा जाते समय फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। इस जघन्य वारदात के बाद थाना बैढन में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस की विभिन्न विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

 

सीमावर्ती पड़ोसी राज्यों के डीजीपी से श्री मकवाणा कल अपरान्ह से ही निरंतर संपर्क में रहे। आरोपियों के फोटो विभिन्न ग्रुप्स में प्रसारित किए गए तथा कई पुलिस टीमें रवाना की गईं। निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप एक अपराधी को लाखों रुपए नगद राशि एवं ज्वैलरी के साथ गिरफ्त में भी लिया जा चुका है। बिहार के अन्य आरोपियों के भी शीघ्र पकड़े जाने के हर संभव प्रयास जारी हैं।

 

डीजीपी मकवाणा ने कहा है कि ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश पुलिस की सभी इकाइयों को सतर्क किया गया है तथा सीमावर्ती जिलों में भी समन्वित कार्रवाई जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपियों के संबंध में कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

 

मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *