बैतूल जिले की प्रमुख खबरें /10/26
बैतूल जिले की आज की प्रमुख खबरें
1. भोपाल में गांधी-शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर खादी वस्त्रों की खरीदारी की और चरखा व पॉवरलूम मशीन भी चलाई।
2. बैतूल-मुलताई में गांधी जयंती पर आयोजन
बैतूल के गांधी चौक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गांधी जी और शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेकर स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान किया। वहीं, मुलताई और आसपास के क्षेत्रों में भी गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
3. बैतूल में दो सड़क हादसों में दो मौतें
जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। बडोरा में बाइक सवार 24 वर्षीय धर्मेंद्र उच्चसरे की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई। वहीं, पट्टन के पास हादसे में घायल 31 वर्षीय क्रेन चालक हरिप्रसाद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
4. मुलताई में 30 गौवंश से भरा कंटेनर पकड़ा
नागपुर हाईवे पर हतनापुर के पास संदिग्ध कंटेनर से 30 गौवंश बरामद किए गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अन्य टीमों ने वाहन को रोका। कंटेनर में गौवंश को रस्सियों से बांधकर रखा गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
5. संविदा कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
बैतूल में विद्युत कंपनियों के संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभागीय परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को ज्ञापन देकर नियमित पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध किया।
6. मांगों को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन
बैतूल में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर एकत्र हुए। शिक्षकों ने कई घंटे उपवास रखने के बाद रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी दी गई।
7. बालरंग महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बैतूल में जिला स्तरीय बालरंग महोत्सव में जिले के सभी आठ विकासखंडों से 500 से अधिक विद्यार्थियों ने 16 अलग-अलग विधाओं में हिस्सा लिया। मुलताई के हिंदी-उर्दू माध्यमिक शाला के नन्हे छात्रों ने आकर्षक कव्वाली की प्रस्तुति देकर दर्शकों का ध्यान खींचा। विभिन्न विधाओं में चयनित विद्यार्थी अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
8. कलेक्ट्रेट में कलेक्टर ने किया श्रमदान
गांधी जयंती पर बैतूल के संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित हुआ। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वयं श्रमदान किया। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
9. वार्डों में पहुंचे हेमंत खंडेलवाल, सुनी समस्याएं
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
10. माचना घाट पर चला स्वच्छता अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी और शास्त्री जयंती पर बैतूल के माचना घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में घाट परिसर की सफाई की गई और लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वच्छ घाट और स्वच्छ जल का संकल्प भी लिया गया।
#BetulNews #BetulUpdate #MultaiNews #GandhiJayanti #BetulSamachar #MPNews #LocalNews #taptisamanvya
