कल खुशियों का जश्न, आज मातम — बेटे के रिसेप्शन के अगले ही दिन सड़क हादसे में पिता की दर्दनाक मौत
मुलताई। फोरलेन पर ग्राम एनस के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मुलताई के शारदा नगर निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय बारमासे (54 वर्ष) अपने भाई राजू बारमासे (58 वर्ष) के साथ बाइक से बैतूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक यात्री बस की चपेट में आने से हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल बस के पिछले टायर के नीचे आ गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संजय बारमासे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजू बारमासे का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक के बेटे की शादी हाल ही में संपन्न हुई थी और सोमवार को ही रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दोनों भाई देव कार्य के लिए बैतूल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#RoadAccident #MultaiNews #Betul #MPNews #taptisamanvya
