कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटे नगर सेठ संजय अग्रवाल का भव्य अभिनंदन
सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का दिया संदेश, सहयात्रियों को बताया मुलताई और मां ताप्ती का गौरव
गगनदीप खेरे
मुलताई। नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं नगर सेठ संजय अग्रवाल के हाल ही में पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण कर सकुशल वापस लौटने पर उनके मित्रों द्वारा होटल एम जी में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मित्रगण उपस्थित रहे।
समारोह में स्वागत एवं सम्मान के बाद अपने संक्षिप्त उद्बोधन में संजय अग्रवाल ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों से आए सहयात्रियों के साथ लगातार सनातन धर्म की परंपराओं, संस्कृति एवं उसके संरक्षण को लेकर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार एवं संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक सनातनी का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपनी संस्कृति एवं धार्मिक विरासत को आगे बढ़ाने में योगदान दे।
उन्होंने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने सहयात्रियों को सूर्यपुत्री मां ताप्ती के पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के साथ-साथ मुलताई स्थित मां ताप्ती के उद्गम स्थल की महत्ता से भी अवगत कराया। उनके द्वारा दी गई जानकारी से सहयात्री अत्यंत प्रभावित हुए तथा उन्होंने भविष्य में मुलताई आकर मां ताप्ती के पवित्र उद्गम स्थल के दर्शन करने की इच्छा व्यक्त की। संजय अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु मुलताई पहुंचकर मां ताप्ती की महिमा का दर्शन एवं अनुभव करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में संजय अग्रवाल ने उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह के लिए सभी मित्रों एवं शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। समारोह का वातावरण आध्यात्मिक, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण रहा।
