मुलताई में आग का कहर: दो जगह लगी आग, 2 मवेशियों की मौत, लाखों का नुकसान

0
WhatsApp Image 2026-07-22 at 5.19.49 PM

आग ने दो स्थानों पर मचाया कोहराम, 2 मवेशियों की जलकर मौत
मुलताई।तहसील क्षेत्र में मंगलवार देर रात आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में लाखों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ। ग्राम बरई में पशुबांधने के कोठे में आग लगने से एक बैल और एक भैंस की मौत हो गई, जबकि बिरुल बाजार में एक मकान का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। दोनों स्थानों पर नगरपालिका परिषद मुलताई की दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पाकर उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने में सफलता पाई।
पहली घटना ग्राम बरई में घटित हुई। डायल-112 से सूचना मिलने पर नगर परिषद मुलताई की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। उदय सिंह रघुवंशी की मवेशियों को बांधने के कोठे में अचानक आग लग गई थी। दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया, लेकिन तब तक एक बैल और एक भैंस की जलकर मौत हो चुकी थी। वहीं कोठे में रखा अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना में दो मवेशियों की हुई।

बिरुल बाजार में मकान का सामान जला

बिरुल बाजार से भी आग लगने की सूचना मिली। ग्राम बिरूल बाजार में बंसी सोलंकी के मकान में आग लगने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दमकल टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर आग पर काबू पाया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक दिया। आगजनी में टीवी, कूलर, अनाज समेत अन्य घरेलू सामान जल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब दो से तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
दोनों घटनाओं में मुलताई फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मनोज सिंह और भूपेंद्र राठौड़ ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल डायल-112 या फायर ब्रिगेड को दें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में देरी न हो और जन-धन की हानि कम की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *